सागर से पीयूष जैन की रिपोर्ट -
कलेक्टर श्री दीपक सिंह ने आज बुधवार को बांदरी एवं मालथौन क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने बांदरी में दुग्धशीतलन केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केन्द्र की बाउंड्री की फेंसिग कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री इच्छित गढ़पाले, आजीविका प्रबंधक श्री हरीष दुबे, स्व सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थी।
कलेक्टर ने दुग्धशीतलन केन्द्र का संचालन करने वाली महिला समूह से दुग्ध एकत्रीकरण एवं दुग्ध के भुगतान आदि की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि 25 गांव के 650 परिवार दुग्धशीतलन केन्द्र बांदरी से जुड़े है। दूध की गाड़ी गांव-गांव जाकर दुग्ध एकत्र करने का कार्य करती है। गाड़ी सुबह और शाम जाकर दूध लेकर आती है। दूध में उपलब्ध फैट के आधार पर दूध का भुगतान किया जाता है। गाय का दूध 30 रूपये लीटर और भैंस का दूध 45 रूपये लीटर प्राप्त किया जा रहा है। यहां से दूध केसली में भेजा जाता है फिर वहां से जबलपुर और भोपाल जाता है।

